: हारेगी गर्मी,जीतेगा प्रदेश- यूपी स्टेट हीट एक्शन प्लान
Thu, Apr 18, 2024
लखनऊ
जलवायु परिवर्तन के कारण पूरे देश में गर्मी की तीव्रता बढ़ी है। प्रदेश में गर्मी दस्तक दे चुकी है। मार्च के अन्तिम सप्ताह में पिछले वर्ष के सापेक्ष 02 से 03 डिग्री तापमान अधिक रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार माह अप्रैल से जून के मध्य सामान्य से अधिक तापमान रहने की आशंका है। देश में सात चरणों में हो रहे आम चुनाव के दौरान गर्मी का प्रकोप रहेगा। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ले0 जनरल योगेन्द्र डिमरी ( (से.नि.) ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा माह मार्च में ही उ0प्र0 स्टेट हीटवेव एक्शन प्लान-2024 तैयार कर समस्त विभागों एवं जनपदों को उपलब्ध करा दिया गया है, जिसमें लू से बचाव हेतु विभागवार जिम्मेदारियाँ निर्धारित की गई हैं। प्रदेश के समस्त जनपदों के द्वारा भी जिला हीटवेव एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया है और जनपद स्तर पर हीटवेव से बचाव हेतु निरंतर एडवाइजरी जारी की जा रही है।
उन्होने बताया कि प्राधिकरण द्वारा हीटवेव से बचाव हेतु विभिन्न प्रकार के पोस्टर मण्डल] तहसील] ब्लाक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक वितरण हेतु उपलब्ध कराये गये है। उपाध्यक्ष महोदय ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि कड़ी धूप में] विशेषकर 12 बजे से 03 बजे तक] अनावश्यक बाहर न निकलें, प्यास न लगने पर भी बार-बार पानी पियें, हल्के रंग के ढीले सूती कपडे़ पहनें, धूप से बचने के लिए गमछा, टोपी, छाता, धूप का चश्मा का इस्तेमाल करें। यात्रा के दौरान साथ में पानी अवश्य रखें,यदि बाहर जाना आवश्यक है तो गीले कपड़े को अपने सिर और गर्दन पर रखें,घर मे बना पेय पदार्थ जैसे-लस्सी, नमक-चीनी का घोल, नीबू का पानी, छाछ इत्यादि का प्रयोग करें, खाना बनाते समय खिड़कियाँ खुली रखें। शराब, काफी जैसे पेय पदार्थों का सेवन न करें। धूप में खडे़ वाहनो में बच्चों एवं पालतू जानवरों को न छोडे़ं, स्थानीय मौसम के पूर्वानुमान को सुने और तापमान में होने वाले परिवर्तन के प्रति सतर्क रहें। लू तापमान जानलेवा हो सकता है, इससे बचाव ही उपचार है।बढ़ते तापमान व लू-प्रकोप के दृष्टिगत मतदाताओं से अपील• वृ़द्ध, शारीरिक रूप से कमजोर व्यक्ति एवं गर्भवती महिलाएँ प्रातः काल में मतदान करें।• हल्के रंग और पूरे आस्तीन के सूती वस्त्र धारण करें।• तरल पेय पदार्थो का सेवन करते रहें।• मतदान स्थल तक जाने हेतु छाते और सर ढ़कने के लिये गमछा/दुपट्टा/टोपी का प्रयोग करें।छोटे बच्चों को मतदान स्थल पर न लेकर जायें।कतार में खड़े वृ़द्ध,शारीरिक रूप से कमजोर व्यक्तियों एवं गर्भवती महिलाओं को मतदान करने में प्राथमिकता दें। मतदान स्थल पर यदि कोई लू व डायरिया आदि से प्रभावित होता है तो तत्काल बी0एल0ओ0 से ओ0आर0एस0 प्राप्त कर प्रभावित व्यक्ति को दें। यदि आवश्यक हो तो 108 नम्बर पर सम्पर्क कर एम्बुलेंस की सहायता प्राप्त करें।• प्रत्येक मतदाता, राष्ट्र निर्माता-स्वयं का और अन्य का ध्यान रखें।
: नोएडा से बड़ी खबर : पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, हवालात में मिली लाश -
Wed, Mar 20, 2024
नोएडा
: नोएडा के थाना सेक्टर-39 के हवालात में एक युवक की मौत होने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद युवक को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में पुलिस की तरफ से बताया गया है कि युवक की बीमारी की वजह से मौत हुई है।
ये है पूरा मामला
सेक्टर 44 स्थित छलैरा गांव तनवीर रहता था। वह मूलरूप से अररिया बिहार का रहने वाला था। पुलिस ने आरोपी तनवीर को नशे की हालत में अवैध शराब के 39 पव्वे के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हवालात में डाल दिया था। देर रात उसकी तबियत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत को गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली रैफर कर दिया गया।
पुलिस का दावा- अस्पताल में हुई मौत
इस संबंध में नोएडा जोन डीसीपी का कहना है कि युवक हार्ट का मरीज था। इसके अलावा वह बीमार रहता था। युवक की उपचार के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता लग पाएगा।
: यह एक सर्व समावेशी बजट है- स्वतंत्र देव सिंह
Mon, Feb 5, 2024
लखनऊ
: उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आज विधानसभा मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक सर्व समावेशी बजट है। महिलाओं, युवाओं, किसानों एवं समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए पेश किया गया यह बजट प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी एवं शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए नजीर साबित होगा। इस सर्वसमावेशी बजट के लिए मुख्यमंत्री एवं वित्तमंत्री का हृदय से साधुवाद।
उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आज प्रस्तुत बजट उत्तर प्रदेश के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा बजट है, इस ऐतिहासिक बजट के लिए उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है। इस समावेशी बजट में समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। यह बजट उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 01 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी के लक्ष्य को अचीव करने में मील का पत्थर साबित होगा।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार, किसानों के उत्थान पर विशेष ध्यान दे रही है। डार्क जोन में नए निजी नलकूप कनेक्शन देने पर लगाए गए प्रतिबंध को हटा लिया है, जिससे एक लाख किसानों को सीधा फायदा होगा। वहीं, बुंदेलखंड में एकल रबी फसल की सिंचाई हेतु सीजनल टैरिफ का लाभ एवं अस्थाई विद्युत संयोजन की सुविधा भी प्रदान की गई है। नहरों एवं सरकारी नलकूपों से किसानों को मुफ्त पानी की सुविधा हेतु 1100 करोड़ रूपये की बजट व्यवस्था प्रस्तावित की गयी है। नदी में सुधार एवं कटाव निरोधक परियोजनाओं (नाबार्ड पोषित) के लिए 1530 करोड़ 60 लाख रूपये की बजट व्यवस्था प्रस्तावित की गयी है। जल जीवन मिशन हेतु 22,000 करोड़ रूपये की व्यवस्था प्रस्तावित है मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना हेतु 1020 करोड़ रूपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।वर्षा जल संचयन एवं भू-जल संवर्द्धन योजना हेतु 80 करोड़ रूपये की व्यवस्था प्रस्तावित है। ग्राउण्ड वाटर रीचार्जिंग एवं चेकडैम निर्माण हेतु 65 करोड़ रूपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।